केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह आज 11 बजे पश्चिम बंगाल में वर्चुअल रैली करेंगे। भाजपा सूत्रों का कहना है कि वैसे तो यह रैली भाजपा के ‘आत्मनिर्भर भारत’ अभियान का हिस्सा है, लेकिन शाह कोरोनावायरस आपदा, अम्फान तूफान, प्रवासी संकट और हिंसा की राजनीति जैसे मुद्दों को लेकर ममता बनर्जी सरकार पर निशाना साध सकते हैं। भाजपा के फेसबुक और ट्विटर पेज पर इस रैली का सीधा प्रसारण होगा। शाह ने रविवार को बिहार में और सोमवार को ओडिशा में वर्चुअल रैली की थी।
राज्य के एक भाजपा नेता ने बताया, ‘हमारी पार्टी के कार्यकर्ता और लाखों लोग उनका (शाह का) भाषण सुनने का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं।’ इसमें करीब 1000 कार्यकर्ता शामिल होंगे और शाह से सवाल भी कर सकेंगे। तीन लाख से अधिक लोग इसका सीधा प्रसारण देखेंगे।भाजपा ने ममता के 9 साल के कार्यकाल पर पिछले हफ्ते 9 बिंदुओं का आरोपपत्र जारी किया था। पार्टी ने सोशल मीडिया पर ‘आर नोई ममता’ (ममता का शासन अब और नहीं) अभियान भी चलाया है।
बंगाल में 1000 वर्चुअलरैली करने की योजना
भाजपा सूत्रों ने बताया कि पार्टी बंगाल के हर हिस्से को कवर करने के लिए यहां 1000 वर्चुअल रैली करने की योजना बना रही है। उन्होंने कहा कि बीते 2 महीने से हमारे कार्यकर्ता घरों पर बैठे हैं। इस रैली से उनका मनोबल बढ़ेगा और राज्य की 294 सीटों पर अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए ऊर्जा मिलेगी। बंगाल में पिछले साल हुए आम चुनाव में भाजपा को 18 और सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस को 22 सीटें मिली थीं।
भाजपा का दावा- बिहार की रैली में कांग्रेस पर निशाना साधा
शाह ने बिहार की वर्चुअल रैली में 35 मिनट भाषण दिया था। इसमें उन्होंने कहा कि इंदिरा गांधी ने लोकतंत्र का गला घोंटने की कोशिश की थी। इंदिरा अब नहीं हैं, लेकिन गरीबी वहीं की वहीं है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जो कहते हैं वो करते हैं।बिहार मेंइस साल के आखिर में विधानसभा चुनाव होने हैं।
ओडिशा की रैली में कहा था-दो गज दूरी हमें जनता से दूर नहीं कर सकती
शाह ने ओडिशा की रैली में कहा था कि आज ये जो वर्चुअल रैली हो रही है वह भाजपा की परंपरा का अभिन्न अंग है। भाजपा जब से राजनीति में आई है, हम तब से जनता से संवाद करते रहे हैं और जनता की बात सरकार तक पहुंचाते रहे हैं। उन्होंने कहा था कि दो गज की दूरी भाजपा कार्यकर्ताओं को जनता से दूर नहीं कर सकती।
आज की ताज़ा ख़बरें पढ़ने के लिए दैनिक भास्कर ऍप डाउनलोड करें
https://ift.tt/3cLwPKu
from Dainik Bhaskar /national/news/bjp-president-amit-shah-to-address-virtual-rally-for-bengal-on-tuesday-news-and-updates-127391213.html
via IFTTT
0 Comments
Please do not enter any spam link in the comment box.